परनाला गांव स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परनाला में राज्य स्तरीय कानूनी साक्षरता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सुनहरा कल फाउंडेशन और द्रोणाचार्य कोचिंग सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। प्रतियोगिता कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई थी, जिसमें कक्षा बारहवीं के विद्यार्थी मयंक, संजीत और खुशी ने प्रश्नोत्तरी वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया, जबकि छात्रा कामना ने सामाजिक विषयों पर आधारित चलचित्र प्रतियोगिता में उल्लेखनीय स्थान हासिल किया। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्या संतोष कुमारी ने की। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, पुस्तकें और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा विधिक जागरूकता, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। अतिथियों ने अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन पूजा शर्मा ने किया और अंत में प्राचार्या ने सभी अतिथियों, आयोजकों व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।