सुपर 100 कार्यक्रम सत्र 2025-27 के लिए चयन हेतु लेवल-1 की जिला स्तरीय परीक्षा हरियाणा के 22 जिलों में आवंटित 151 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। सुपर 100 कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी जसबीर दलाल ने बताया कि जिले में दोपहर 11:30 से 1:30 बजे तक झज्जर जिले के 5 परीक्षा केंद्रों राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झज्जर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहादुरगढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तुबाहेड़ी में सुपर 100 कार्यक्रम के लेवल-एक की प्रवेश परीक्षा संपन्न हुई। इसमें जिला झज्जर के कुल 1127 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से आज 883 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। सभी परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले उपस्थित हुए, जो उनके उत्साह को दर्शाता है। केंद्रों के सभी प्राचार्य ने बहुत अच्छे से सहयोग किया और बड़े उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। सुपर 100 प्रोग्राम प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं के लिए मेधावी छात्रों को तैयार करने और उनका पोषण करने के लिए शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा विकल्प संस्थान के सहयोग से शुरू किया गया प्रतिष्ठित कार्यक्रम है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ जसवीर दलाल ने बताया है कि स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा ने विकल्प संस्थान रेवाड़ी के सहयोग से 2018 में सुपर 100 योजना शुरू की थी। इस प्रोग्राम के तहत राजकीय विद्यालय से चयनित विद्यार्थियों को नीट और आईआईटी जेईई के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाती है और बच्चों को रहने और खाने की फ्री सुविधा भी सरकार के द्वारा मुहैया करवाई जाती है। इस अवसर पर उपरोक्त परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना के नेतृत्व में जिला गणित विशेषज्ञ विक्रम सिंह, उल्लास समन्वयक वंदना भारद्वाज एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।