मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केंद्र की कृषि नीति की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर रखी है, जिनके सार्थक परिणाम आज के समय में देखने को मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को राजकीय नेहरू कॉलेज के प्रांगण में आयोजित राज्यस्तरीय किसान सम्मान समारोह में किसानों को संबोधित कर रहे थे। साेमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भागलपुर में राष्ट्रीय स्तरीय किसान सम्मान समारोह में भाग लेने के दौरान पीएम-किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त को जारी किया था। इसी कार्यक्रम को झज्जर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के दौरान सीएम नायब सैनी ने कार्यक्रम काे वर्चुअल माध्यम से लाइव सुना। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने किसानों को किसान सम्मान निधि के प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया था, जिसमें कई जिलों के किसानों व कृषि कंपनियों ने भाग लिया। समारोह को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि किसान हित में कृषि को लाभकारी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर बेहतर कदम उठाए है। इन योजनाओं में फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान क्रेडिट कार्ड, पशुधन योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाएं शामिल है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से जो किसानों के लिए योजनाएं चलाई गई हैं, उनके सार्थक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि की जो राशि देशभर के किसानों को प्रधानमंत्री ने जारी की है, उसके तहत हरियाणा के 16 लाख 38 हजार और झज्जर जिले के 77 हजार किसानों को इसका सीधा फायदा हुआ है। आज स्थिति यह है कि अब किसानों को कम समय और कम पैसे में घर बैठे ही सभी सुविधाएं मिल रही है। अब सीमांत व छोटे किसानों को खाद, दवाई और बीज के लिए किसी दूसरे की ओर नहीं ताकना पड़ता। प्रधानमंत्री ने बीते दिनों शुरू की गई ड्रोन दीदी योजना इसका मुख्य उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कृषि को लाभकारी बनाने के लिए प्रधानमंत्री की ओर से बेहतर कदम उठाए गए हैं। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, बहादुरगढ़ से विधायक राजेश जून, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना, नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी, भाजपा के जिलाध्यक्ष राजपाल जांगड़ा मौजूद रहे।