झज्जर नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया और हरियाणा सरकार व झज्जर डीएमसी का पुतला फूंका। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले शनिवार से लगातार हड़ताल पर बैठे हैं और अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों के प्रधान शिवम ने बताया कि उनकी मुख्य मांग कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कर्मचारी इस मांग को उठा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। शिवम ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में धरने के दौरान उनके एक साथी राजेश की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है।उन्होंने जिला नगर आयुक्त पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगाया। शिवम के अनुसार गत शनिवार को कुछ महिला सफाई कर्मचारी गर्मी के कारण नगर परिषद कार्यालय में बैठकर खाना खा रही थीं, तभी जिला नगर आयुक्त वहां पहुंचे और अधिकारियों को उन्हें बाहर निकालने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं कर्मचारियों के अनुसार पंखे तक बंद करवा दिए गए, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई। इस घटना के विरोध में कर्मचारियों ने आज पुतला फूंककर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक संबंधित अधिकारी अपने शब्द वापस नहीं लेते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। प्रशासन के धारा 163 लागू कर धरना समाप्त कराने की कोशिशों पर भी कर्मचारियों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से नगर परिषद कार्यालय के बाहर ही अपना धरना जारी रखेंगे और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेंगे। नगर परिषद कार्यालय से लेकर आंबेडकर चौक तक कर्मचारियों ने रैली निकालकर सरकार और डीएमसी के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।