जिले में पिछले 24 घंटे से मौसम में बदलाव हो रहा हैं। बुधवार अल सुबह 3 बजे आंधी और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश शुरू हो गई, जो सुबह 7 बजे तक रुक-रुककर जारी रही। उसके बाद मौसम साफ हुआ। मौसम विभाग ने दिन में बारिश की आशंका जताई हैं। वहीं, झज्जर में अब हैफेड के पास गोदामों में जगह नहीं होने के चलते रोहतक व महेंद्रगढ़ के गोदामों में गेहूं की फसल को भेजा जाएगा। इसके अलावा वेयर हाउस के पास अभी गोदामों में गेहूं के फसल के लिए पर्याप्त मात्रा में जगह है। पिछले लंबे समय से झज्जर-ग्वालिसन मार्ग पर गांव तलाव में स्थित हैफेड के गोदाम पर वाहनों की लंबी लाइनें लग रही थी, जिसके चलते वाहन समय पर मंडी में फसल लेने के लिए नहीं पहुंच रहे थे। गोदाम में जगह की कमी और श्रमिकों की कमी के चलते मंडियों में आढ़तियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, अब हैफेड की तरफ से झज्जर के गोदामों में जगह में जगह की कमी होने के चलते रोहतक व महेंद्रगढ़ में गेहूं की फसल को भेजा जाएगा, जिसको लेकर हैफेड ने रोहतक व महेंद्रगढ़ में अपनी आगामी प्रक्रिया पूरी की है। इसके अलावा वेयर हाउस के पास झज्जर के झज्जर के गोदामों में अभी गेहूं की फसल को रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में जगह बताई जा रही है, लेकिन इसके बाद भी गोदामों के बाहर वाहनों की लाइनें लगी हुई है।जिले की अनाज मंडियों में गेहूं के फसल की आवक व खरीद लगातार जारी है। इसके साथ ही मंडियों में गेहूं की फसल का उठान भी किया जा रहा है। झज्जर अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विनोद पूनिया और पूर्व प्रधान चांद पहलवान ने बताया कि ठेकेदार की तरफ से आढ़तियों को वाहन ने दिए जा रहे हैं। ठेकेदार की तरफ से मनमानी की जा रही है। कुछ चुने हुए आढ़तियों को ही ठेकेदार की तरफ से वाहन दिए जा रहे हैं। ठेकेदार के पास वाहनों की कमी है, जिस कारण मंडी में आढ़तियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।