जगह-जगह पर लगे अवैध होर्डिंग शहर की खूबसूरती पर दाग लगा रहे हैं। शहर का हर चौक-चौराहा, सड़क और पोल पर अवैध होर्डिंग लगे हुए हैं। यह होर्डिंग शहर की सुंदरता तो बिगाड़ ही रहे हैं और कई बार हादसों का कारण भी बन जाते हैं। इनको देखने के चक्कर में कई बार वाहनों की टक्कर तक हो जाती है, लेकिन इन होर्डिंग को हटवाने के लिए नगर परिषद कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। शहर में जगह-जगह लगे अवैध होर्डिंगों के कारण नगर परिषद को भी राजस्व का नुकसान होता है, क्योंकि इसके लिए किसी की अनुमति नहीं ली जाती। होर्डिंग, फ्लैक्स बनाने वाले खुद अपनी मर्जी चलाते हुए इनको कहीं भी लगा देते हैं। चाहे उससे कोई हादसा होने की संभावना क्यों न हो। शहर में होर्डिंग, फ्लैक्स और बैनर लगाने का काम धड़ल्ले से जारी है। इसके लिए नगर परिषद से भी किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली जाती। हर चौक पर लगे होर्डिंग, फ्लैक्स शहर के हर चौक-चौराहे, स्ट्रीट लाइट व बिजली के खंभे, सड़कों के कॉर्नर पर यह होर्डिंग व फ्लैक्स लगे हुए हैं। इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। शहर में कोई भी आयोजन हो, सबसे पहले होर्डिंग, फ्लैक्स बनवाकर अवैध रूप से लगवाने का खेल चलता है। इन स्थानों पर लगे होर्डिंग, फ्लैक्स शहर के पुराना बर्फखाना रोड, धौड़ चौक, भगत सिंह चौक, शिव चौक, बीकानेर चौक, तीन मूर्ति मंदिर, राव तुलाराम चौक, सिलानी गेट, पुराना बस अड्डा रोड, बेरी गेट, गुरुग्राम रोड, पुरानी तहसील रोड ऐसे स्थान हैं, जहां सबसे ज्यादा होर्डिंग, फ्लैक्स अवैध रूप से लगे हुए हैं।