सीबीएसई की तरफ से शनिवार से दसवीं व बारहवीं की बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित गई। शनिवार को दसवीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर आयोजित किया गया। दसवीं की परीक्षा में कुल 7500 बच्चों ने पेपर दिया। परीक्षाओं को लेकर जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कोई नकल का केस सामने नहीं आया। विद्यार्थियों ने बताया कि अंग्रेजी की परीक्षा के प्रश्न पत्र सही थे। न तो ज्यादा मुश्किल और न ही ज्यादा आसान पेपर आया हुआ था। पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में कई स्कूलों का परीक्षा केंंद्र बना हुआ था। सभी विद्यार्थी अपने-अपने स्कूल की यूनिफार्म में परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे। परीक्षा देने के बाद विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। जिले में सीबीएसई के लगभग 103 स्कूल हैं। इनमें से 23 को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस बार सीबीएसई की परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में आयोजित की गई हैं। यह परीक्षाएं 4 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। वहीं जिलाधीश प्रदीप दहिया ने सीबीएसई की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं को शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करवाने के मद्देनजर परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में धारा 163 लागू की हुई है।