स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि विपक्ष के लोग अपने अंदर झांक कर उनके समय में क्या स्थिति और आज क्या स्थिति है, तब कुछ कहे। हरियाणा के अस्पताल और बेहतर हुए हैं और आठ-नौ महीना में 700 डॉक्टर लग चुके हैं। आने वाले महीना में 400 डॉक्टर और लगेंगे। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंची। पार्टी कार्यालय में पहुंचने पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का कार्यकर्ताओं की तरफ से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जहां तक पुलिस की बात है तो भारतीय जनता पार्टी के राज में प्रशासन और सरकार बेहतर काम कर रही है। विपक्ष के पास कहने को कुछ नहीं है। उनको हारे हुए 10 साल हो गए हैं और 5 साल और हो जाएंगे। वह कुछ ठोस सच्चा एजेंडा लेकर आए, ऐसे बेफिजूल की बातें ना करें। बेसहारा पशुओं को लेकर हो रहे हादसों पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह बेसहारा पशु नहीं बल्कि पालतू पशु है, जिन्हें सुबह छोड़ दिया जाता है। जल्दी ही एक विशेष अभियान चलाया जाएगा , जिसके तहत सभी पशुओं के मालिकों को चिन्हित किया जाएगा और उनके ऊपर जुर्माना लगाया जाएगा ताकि कोई भी सड़क हादसा या जनहानि ना हो। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव जिले के गौशाला संचालकों से मुलाकात की और उन्हें सहायता राशि के रूप में चेक वितरित किए। चेक वितरित करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली और संगठन को और मजबूत करने के लिए और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए दिशा-निर्देश दिए ताकि आने वाले समय में झज्जर जिले की चारों विधानसभाओं पर भाजपा का कमल खिले।