झज्जर में बीती रात अज्ञात चोर एक इलैक्ट्रानिक्स की दुकान में घुस गए और लाखों रूपए की चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। चोरी की यह घटना यहां ग्वालीशन मार्ग पर स्थित सीएसडी कैन्टीन के साथ वाली श्री जी इलैक्ट्रानिक्स की दुकान में घटित हुई। दुकानदार की माने तो उसकी दुकान से लाखों रूपए मूल्य के एलईडी और कैश पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। दुकान से चुराए गए एलईडी के खाली बॉक्स यहां पास में ही खेतों से बरामद किए गए है। पता यह भी चला है कि चोरों ने घटनास्थल व साथ लगती सीएसडी कैन्टीन में लगे सीसीटीवी के तार काट डाले और वहां की डीवीआर भी वह अपने साथ ले गए। चोरी की इस घटना का पुलिस को रविवार की सुबह ही पता लगा। चोरी की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की छानबीन करने के साथ-साथ प्रमाण जुटाने के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया। घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लिए गए है। पुलिस द्वारा मौके पर खोजी कुत्तों को भी बुलाया गया। लेकिन वह भी चोरी की इस घटना को पता लगाने में असफल रहे। मौके पर पहुंचे सिटी पुलिस के जांच अधिकारी योमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को चोरी की घटना की सूचना मिली थी। उसके बाद ही वह मौके पर पहुंचे है और पूरे मामले की छानबीन की है। उन्होंने यह भी कहा कि घटनास्थल के आस-पास की सीसीटीवी की तार चोरों द्वारा काट ली गई है और वह अपने साथ डीवीआर भी ले गए। इसलिए चोरी की इस घटना का पता लगाने के लिए घटना स्थल के थोड़ी ही दूरी की सीसीटीवी फुटेज को चैक किया जा रहा है। उम्मीद यहीं है कि चोरी की इस घटना का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।