गांव मांडोठी में आर्यवृत गौशाला से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में प्लास्टिक और पीवीसी तार के अवशेष जलाकर प्रदूषण फैलाने का मामला सामने आया है। आसौदा थाना पुलिस ने मौके से चार लोगों को पकड़कर दो कैंटर और बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रदूषण विभाग के आरओ सुनील श्योराण ने सूचना दी थी कि खेतों में प्लास्टिक और अन्य सामान जलाया जा रहा है। सूचना पर एएसआई राजू की टीम मौके पर पहुंची तो आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दिया। दमकल की गाड़ी बुलाकर आग बुझाई गई। मौके से भुपेश उर्फ भौला निवासी रोहतक, नन्हे सिंह निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), अंकित निवासी अंबेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) और वसीम निवासी दिल्ली को काबू किया गया। पुलिस ने दो कैंटर, 129 बड़े खाली ड्रम, 22 छोटे ड्रम, 133 लोहे की चादरें, प्लास्टिक व पीवीसी तार के अवशेष से भरे कट्टे और अन्य उपकरण कब्जे में लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, 280 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत मुकदमा नंबर 312 दर्ज किया है। मामले की आगामी जांच मांडोठी चौकी पुलिस कर रही है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ सुनील श्योराण ने बताया कि मांडोठी के खेतों में भारी मात्रा में प्लास्टिक जलाकर प्रदूषण फैलाया जा रहा था चार लोगों को पकड़ा है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।