संसद में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहेब पर की गई टिप्पणी के विरोध में बुधवार को कर्मचारी संगठन में सड़कों पर उतर आए। यहां सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी संगठनों ने केन्द्रीय गृहमंत्री के खिलाफ झज्जर की सड़कों पर प्रदर्शन किया और यहां राव तुलाराम चौक पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला भी फूंका। विरोध प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारी,किसान संगठन,सेवानिवृत कर्मचारी और सीटू के सदस्य सम्मलित हुए। प्रदर्शन करने से पूर्व इन कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य यहां लघु सचिवालय में एकत्रित हुए और बाद में अमित शाह का पुतला अपने हाथों में उठाकर यहां राव तुलाराम चौक पर पहुंचे। यहां प्रदर्शन और नारेबाजी करने के बाद कर्मचारी संगठनों के इन सदस्योंं ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पुतले को आग के हवाले कर दिया। यहां विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सर्व कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रामबीर ने कहा कि बाबा साहेब के खिलाफ केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयान का जितना विरोध किया जाए उतना हीं कम है। वैसे तो शाह का यह बयान क्षमा के काबिल नहीं है,लेकिन फिर भी उनकी मांग है कि या तो अमित शाह अपने पद से त्यागपत्र दे या फिर वह देश के लोगों से माफी मांगे। उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि बाबा साहेब के पास शैक्षिणक योग्यता में जितनी डिग्रियां थी अमित शाह के पास उनमें से एक भी नहीं है।