जिला शिक्षा अधिकारी ने आज राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल बहादुरगढ़ में निपुण मिशन के तहत आयोजित शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं अच्छे शिक्षार्थी बनकर इस प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाएं और निपुण मिशन की सभी पहलों को कक्षा में प्रभावी ढंग से लागू करें। जिला शिक्षा अधिकारी ने जोर देकर कहा, "हमारा प्राथमिक लक्ष्य छात्रों को पढ़ने, लिखने और गणितीय कौशल में निपुण बनाना है। शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से ही हम इस लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। निपुण मिशन के जिला समन्वयक डॉ. सुदर्शन पूनिया ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से अवगत कराने और छात्र केंद्रित शिक्षण प्रक्रिया को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। हम सभी को मिलकर निपुण हरियाणा के सपने को साकार करना है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने शिक्षा विभाग के सभी हितधारकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।