चार दिन से बहु गांव से लापता पंजाब के व्यक्ति का शव गांव के जोहड़ में मिला है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार पंजाब के बरनाला के धुलाकोट निवासी संदीप ने पुलिस में शिकायत दी थी कि उसके पिता राजकुमार करीब 25 साल से पंजाब में धुलकोट रहते थे। अब हम दोनों करीब 6 माह से गांव बहु में रह रहे हैं। उसके पिता 28 सितंबर से घर से बिना बताए कहीं चले गए। वह शराब पीने के आदी थे। उनकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। वीरवार सुबह गांव के जोहड़ में एक शव लोगों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो उसकी पहचान राजकुमार के रूप में हुई। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही हैं। परिजनों ने बताया कि राजकुमार की पत्नी की लगभग 7-8 माह पहले मौत हो गई थी। उसके बाद से वह ज्यादा शराब पीने लगा था। चार दिन पहले घर से बिना बताए चला गया। आज जोहड़ में शव मिला है।