एशियन चैंपियन के अंडर-17 में स्वर्ण पदक विजेता गांव खुड्डन निवासी गौरव पूनिया का रविवार को शहर व गांवों में कई स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान गौरव पूनिया का फूलों व नोटों की माला पहनाकर भी स्वागत किया गया। गौरव पूनिया के एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर परिवार व कोच के साथ जिले में भी खुशी का माहौल है। शहर के शहीदी पार्क से गांव के लोगों ने गौरव पूनिया को सम्मानित करते खुली जीप व मोटरसाइकिल के जत्थे के साथ गांव खुड्डन तक लेकर जाया गया। 18 से 26 जून को वियतनाम में अंडर-17 व अंडर-23 एशियन चैंपियन का आयोजन किया गया। इसमें भारत के कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए थे। वहीं जिले के गांव खड्डन निवासी गौरव पूनिया ने अंडर-17 के 65 किलोग्राम भार वर्ग में अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। गौरव पूनिया ने क्वालीफिकेशन मुकाबले में 4-2, क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 11-7, सेमीफाइनल मुकाबले में 14-4 और फाइनल मुकाबले में 12-1 से जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। गौरव पूनिया के पिता अरविंद खेतीबाड़ी व उनकी माता मनीषा गृहणी है।