आंगनबाड़ी वर्करों ने जनगणना ड्यूटी शहर में लगाए को लेकर डीसी के माध्यम से महिला एवं बाल विकास मंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि उनकी ड्यूटी संबंधित गांवों में लगाई जाए ताकि वे जनगणना का कार्य बेहतर ढंग से कर सकें। बहादुरगढ़ ब्लॉक की आंगनबाड़ी वर्करों ने जनगणना ड्यूटी को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यूनियन प्रधान बालेश जाखड़ ने बताया कि कई आंगनबाड़ी वर्करों की ड्यूटी बादली से बहादुरगढ़ शहर में लगा दी गई है जबकि अधिकांश महिला कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्र से आती हैं। उन्हें प्रतिदिन 18 से 20 किलोमीटर की दूरी तय करनी पडे़गी। उन्होंने बताया कि शहर के अपरिचित क्षेत्रों में सर्वे कार्य करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण है। इसके विपरीत यदि उन्हें उनके अपने गांवों में ड्यूटी दी जाए तो वे अधिक सटीक, तेज और प्रभावी तरीके से जनगणना का कार्य कर सकती हैं। दूरदराज ड्यूटी लगने से समय, संसाधन और कार्यक्षमता तीनों प्रभावित हो रहे हैं। इससे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए ड्यूटी आवंटन में संशोधन किया जाए और उन्हें नजदीकी गांवों में ही तैनात किया जाए।