बहादुरगढ़। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को 36वें दिन भी जारी रही। हड़ताल पर बैठे कच्चे पे-रोल सफाई कर्मचारियों को नगर परिषद में ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया। कर्मचारियों ने सरकार से 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करने तथा एचकेआरएन को भंग करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि 17 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद सरकार की ओर से अब तक लिखित पत्र जारी नहीं किया गया और न ही संगठन को बातचीत के लिए बुलाया गया। हड़ताल की अध्यक्षता बहादुरगढ़ इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड, कैशियर मुकेश बालगुहेर, वरिष्ठ उपप्रधान लीला राम सहित पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। ठेका कर्मचारियों में अनिल, मोनू, विजय, सचिन, सागर, अजय, संदीप, कुलदीप, सन्नी, प्रवीण, पवन, रणजीत समेत सैकड़ों कर्मचारियों ने समर्थन जताया।