फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी: बारिश के 24 घंटे बाद भी जलभराव, कारोबार ठप, व्यापारियों ने प्रशासन के दावों पर उठाए सवाल

हांसी। बारिश थमे 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन हांसी शहर में जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। शहर के कई प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों में अब भी बारिश का गंदा पानी जमा है। श्याम बाबा मंदिर रोड, मुल्तान कॉलोनी, सेक्टर-6 समेत कई इलाकों में 24 घंटे बाद भी सड़कें पानी में डूबी नजर आ रही हैं। इससे हजारों राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बाबा श्याम मंदिर रोड पर देखने को मिल रही है। जलभराव के कारण दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। खाद-बीज की दुकानों से लेकर फास्ट फूड की रेहड़ियों तक पानी का असर साफ दिखाई दे रहा है। यह शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं। सड़क के आसपास कई बैंक और अन्य प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं। शहरवासी राजेंद्र ने बताया कि सड़क पर पानी जमा होने से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों की शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा। राहगीर सुनील ने कहा कि जलभराव की समस्या आज की नहीं, बल्कि काफी पुरानी है। प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। हांसी निवासी सोनू ने कहा कि यह शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। बारिश को 24 घंटे से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन सड़क पर अभी भी पानी भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोग जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और विधायक तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने कहा कि विभाग पूरे शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों के चलते केवल एक मोटर ही चल पाई। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। बारिश थमे 24 घंटे से ज्यादा बीत चुके हैं, लेकिन हांसी की सड़कों पर जलभराव अब भी लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। सवाल यही है कि आखिर शहर की सड़कों से पानी कब निकलेगा और जलभराव की इस पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कब होगा? हांसी में जलभराव की सामने आई तस्वीरों ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें