1 जनवरी की देर रात रात नागल तेजू अड्डे पर चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक के बाद एक सात दुकानों के ताले तोड़कर नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन युवक वारदात को अंजाम देते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। चोर कटर की मदद से ताले काटते हुए कबाड़ी की दुकान, एक डॉक्टर की दुकान, सीएचसी सेंटर के पास स्थित दुकान सहित कुल सात दुकानों में घुसे। चोरों ने पहले सभी दुकानों के ताले काटे और फिर सामान समेटना शुरू कर दिया। वारदात के बाद चोरों ने सभी टूटे हुए ताले कबाड़ी की दुकान के अंदर फेंक दिए, जिससे साफ जाहिर होता है कि चोरी पूरी प्लानिंग के साथ की गई। इतना ही नहीं, चोरों ने एक कैफे का भी ताला तोड़ा और दुकान के अंदर बैठकर जश्न मनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने कैफे के अंदर खाने-पीने की चीजों का सेवन किया और वहां कुछ समय तक रुके रहे। क्षेत्र में पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत बावल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुकानदारों से भी चोरी गए सामान और नकदी की जानकारी जुटाई जा रही है। दुकानदारों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।