हिसार से मिर्जापुर, धांसू, सुलखनी, घिराय और खानपुर सिंधड़ रूट पर बसों की कमी से परेशान स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों ने शुक्रवार सुबह घिराय गांव में रोडवेज बस रोककर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने रोडवेज विभाग से इस रूट पर दो अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की। विद्यार्थियों ने बताया कि सुबह और दोपहर के समय हिसार की ओर से गांवों में आने-जाने के लिए पर्याप्त बसें उपलब्ध नहीं हैं। बसों की कमी के कारण विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने और वापस घर लौटने में रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पहले संचालित होने वाली बस सेवा को बंद किए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर गांव के सरपंच प्रतिनिधि संदीप मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। इसके बाद उन्होंने रोडवेज अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कुछ बसों को अन्य ड्यूटी में लगाया गया है, जिसके कारण सुबह की बस फिलहाल संचालित करना संभव नहीं हो पा रहा है। हालांकि रोडवेज अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि हिसार से दोपहर 2:40 बजे चलने वाली बस को शुक्रवार से ही दोबारा संचालित किया जाएगा। सरपंच प्रतिनिधि ने अधिकारियों का यह आश्वासन विद्यार्थियों को बताया, जिसके बाद करीब एक घंटे से चल रहा प्रदर्शन समाप्त कर विद्यार्थियों ने रोडवेज बस को जाने दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रूट पर बसों की समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पर्याप्त बसें उपलब्ध नहीं करवाई गईं और भविष्य में समस्या दोबारा उत्पन्न हुई तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।