लोगों ने 8 माह से अधूरे पड़े रोड निर्माण के कार्य के विरोध में रविवार को विधायक व मेयर के फोटो के आगे धूपबत्ती कर अपना विरोध जताया। साथ ही मौके पर नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर अब भी रोड का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आगे और बढ़े प्रदर्शन किए जाएंगे। 12 क्वार्टर रोड पर रूप नगर के पास रोड का 30 से 35 फीट का टुकड़ा अधूरा पड़ा है। लोगों की मानें तो नगर निगम का कहना है कि यहां जनस्वास्थ्य विभाग को कुछ काम करना है। इसके बाद इस टुकड़े का निर्माण किया जाएगा। मगर न तो जनस्वास्थ्य विभाग और न ही निगम इस अधूरे पड़े रोड की सुध ले रहा है। पिछले दिनों निगम कार्यालय में ढोल बजाकर प्रदर्शन करने गए तो पुलिस ने उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल लिया। लोगों का कहना था कि यहां सीवर व पानी की लाइन टूटी पड़ी है जिस कारण यहां दिन भर कीचड़ रहता है। इस कारण से प्रतिदिन यहां दुघर्टनाएं होती हैं। यहां से लोगों को गुजरना मुश्किल हो गया है। विधायक व मेयर के सामने की धूपबत्ती इस दौरान लोगों ने विधायक सावित्री जिंदल व मेयर प्रवीण पोपली के फोटो के सामने धूपबत्ती कर अपना विरोध जाहिर किया। फोटो के साथ बोर्ड पर लिखा गया कि मैं हिसार मेयर प्रवीण पोपली सड़क के इस हिस्से को बनाने में नाकाम हूं। मुझे क्षमा करें। वहीं विधायक की फोटो के साथ लिखा गया कि मैं हिसार विधायक सावित्री जिंदल सड़क के हिस्से को ना बनवा पाने के कारण हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं।