जिले के गांव चानौत में पीने के पानी की मांग को लेकर आज धरने के 29वें दिन महापंचायत की जाएगी। जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी। वहीं, धरने को आम आदमी पार्टी का पूर्ण समर्थन दिया है। धरनास्थल पर पहुंचे आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार गांवों को पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं करा सकती, तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। आप प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि चानौत गांव के सामने से हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन से गांव को भी कनेक्शन दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी जीवन की सबसे बुनियादी आवश्यकता है और ग्रामीणों को इससे वंचित रखना अन्याय है। यदि भविष्य में पानी की आवश्यकता बढ़ती है तो पाइपलाइन का आकार बढ़ाया जा सकता है, लेकिन गांव को पानी से वंचित नहीं रखा जा सकता। वही आप जिला प्रधान राजेंद्र सोरखी ने कहा कि ये ग्रामीणों की जायज मांग है। हमारी पार्टी इसका समर्थन करती है। पेयजल की मांग को लेकर चानौत गांव में 5 ग्रामीणों का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक गांव को स्थायी पेयजल समाधान नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। धरना स्थल पर शनिवार को एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हरियाणा प्रदेश की विभिन्न खाप पंचायतों, किसान संगठनों, अनेक गांवों के सरपंचों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। महापंचायत में आंदोलन को और व्यापक बनाने व आगामी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।