अग्रोहा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों, किसानों ने पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में अग्रोहा थाने का घेराव किया। पिछले करीब 20 दिन से क्षेत्र में 30 से अधिक किसानों के खेतों में लगे सोलर ट्यूबेलो की केबल, श्यामसुख गांव के जलघर पर लगे बिजली के ट्यूबेल की केबल सहित अन्य चोरी की वारदात हो चुकी हैं। जिसके विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव किया। पगड़ी संभाल जट्टा संघर्ष समिति के महासचिव संदीप सिवाच ने कहा कि करीब दो महीने पहले अग्रोहा से बरवाला मार्ग पर किरयाणा की दुकान पर चोरों ने छत से दुकान में घुस कर करीब आठ लाख रुपये का सामान व नकदी चोरी की थी। कुछ दिनों बाद फिर उसी दुकान पर रात को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया गया। जिसके बाद दुकानदारों, व्यापारियो व ग्रामीणों ने अग्रोहा चौक पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया था। पुलिस प्रशासन के आश्वासन पर धरना स्थगित कर दिया था। अब पिछले एक सप्ताह में श्यामसुख, संदोल सहित आस पास के गांवो में चोरी की वारदात हो रही हैं।