स्वतंत्रता दिवस के 78वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कुलेरी के एनएसएस यूनिट ने प्राचार्य जगमहेंद्र सिंह की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित की गई। जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को प्रोत्साहित करना है। यात्रा का शुभारंभ प्राचार्य जगमहेंद्र सिंह ने स्कूल परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवक, स्कूल के शिक्षक उपप्राचार्य डॉ विनय नासा,प्रवक्ता रामनिवास,संदीप,निर्मला,बिनी,राजेश कुमार और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने तिरंगे को हाथ में लेकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा कुलेरी के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय लोग भी इस उत्साह में शामिल हुए। प्राचार्य जगमहेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा, "यह तिरंगा यात्रा न केवल हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का एक माध्यम है, बल्कि यह युवाओं में देशप्रेम और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करने का भी एक प्रयास है।" एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक राजकुमार शास्त्री ने बताया कि यह आयोजन 'आजादी का अमृत महोत्सव' और 'मेरी माटी मेरा देश' जैसे अभियानों का हिस्सा है, जो देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए प्रेरित करता है। यात्रा के दौरान छात्रों ने देशभक्ति के नारे लगाए और तिरंगे के महत्व को दर्शाने वाले गीत गाए। स्थानीय समुदाय ने भी इस पहल की सराहना की और कई लोग अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित हुए। यह आयोजन 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान का हिस्सा है।