प्रदेश के पंचायत विकास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि 70 हजार रुपये मुआवजा देने की बात कहने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा बताएं कि उनके समय में अधिकतम 6-7 हजार प्रति एकड़ का मुआवजा ही क्यों देते थे। मुझे याद है कि 2 से 3 रुपये के चैक मुआवजे के तौर पर दिए जाते थे। नायब सिंह सैनी की सरकार 15 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दे रही है। पिछले 11 साल में अब तक 15 हजार 465 करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है। प्रदेश में 66 हजार किसानों ने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर साढे़ 38 लाख एकड़ में फसलें खराब होने की रिपोर्ट अपलोड की है।अब सत्यापन का काम शुरू हो जाएगा। 25 सितंबर से पहले प्रदेश के पास पूरी रिपोर्ट पहुंच जाएगी। हिसार में सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में मीडिया से बातचीत करते हुए पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने हांसी को जिला बनाए जाने के सवाल पर कहा कि कमेटी जल्द ही बैठक बुलाएगी। पहले समिति का कार्यकाल 30 जून तक का था। जिसे अब दिसंबर 2025 तक बढ़ा दिया है। पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात बने होने के चलते समिति की बैठक नहीं हो सकी थी। अक्तूबर में होने वाली समिति की बैठक में जिला बनाए जाने के बारे में फैसला लिया जाएगा। 17 सिंतबर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा में सभी मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी अलग- अलग क्षेत्रों में जनता के बीच रहेंगे। जिसमें अलग -अलग तरह तरह के सेवा कार्याें को अंजाम दिया जाएगा।