हिसार एयरपोर्ट की दीवार के पास भारी मात्रा में गर्भ निरोधक फेंके गए हैं। जिसमें कंडोम, गर्भ जांच किट, गर्भ धारण को रोकने वाली गोलिया सहित अन्य तरह की दवाइयां हैं। एयरपोर्ट की दीवार से महज कुछ कदम दूरी पर फेंकी गई यह दवाइयां एक्सपायरी डेट की हैं। इस तरह से दवाओं का खुले में फेंके जाना मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित तरीके से निपटान पर बड़ा सवाल है। हिसार से तलवंडी की ओर जाने के लिए बनाए गए वैकल्पिक रोड पर धांसू रोड़ से आगे पुराना बरवाला रोड के पास भारी मात्रा में मेडिकल वेस्ट फेंका गया है। झाड़ियों में फेंके गए इस मेडिकल वेस्ट में कई तरह की दवाइयां हैं। यहां से इन दवाइयों के दुरुपयोग की आशंका भी है। यहां कई तरह की गर्भ जांच किट फेंकी गई हैं। सैंकड़ों की संख्या में ऐसी किट बिखरी हुई हैं। गर्भ धारण करने वाले रोकने इन दवाइयों पर बैच नंबर भी लिखे हुए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि दवाइयों के एक्सपायर होने पर उनको फेंका गया है। नियम के अनुसार किसी भी मेडिकल वेस्ट, एक्सपायरी दवा को खुले में नहीं फेंका जा सकता । इनका समुचित तरीके से निपटान करने के लिए अस्पताल प्रबंधन जिम्मेदार होता है। उसे स्वास्थ्य विभाग तथा पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को अवगत कराना होता है कि उन्होंने मेडिकल वेस्ट का निपटान कैसे किया। हिसार में सेक्टर 27-28 की एक कंपनी को यह जिम्मा दिया गया है। यह गंभीर मामला है। इस बारे में पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। मेडिकल वेस्ट इस तरह से फेंकने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मेडिकल वेस्ट को मिट्टी में भी नहीं दबाया जा सकता। इसे नियमों के अनुसार ही नष्ट किया जाता है। निजी कंपनी इसके लिए अधिकृत किया हुआ है। अजय लुहाच, ड्रग इंस्पेक्टर, हिसार