संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। 54वें श्री श्याम महोत्सव के दौरान वीरवार को निकाली गई जगन्नाथ यात्रा के दौरान महिलाओं के कानों से सोने के बाले तोड़ने की कई घटनाएं सामने आई हैं। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि यात्रा में भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बाली तोड़ते हुए संदिग्ध की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई हैं। हिसार निवासी पीड़िता रंजना गोयल ने बताया कि एक युवक उनके कान से बाला तोड़कर ले गया। बाला तोड़ते समय उनके कान में गंभीर चोट लगी और कान फट गया। वहीं आशा रानी ने भी आरोप लगाया कि उनके कान से भी बाले तोड़ लिए गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यात्रा के दौरान कुल पांच महिलाओं को निशाना बनाया गया। आशा रानी के दामाद गौरव गक्खड़ ने बताया कि लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया था और उसे पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया और उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित परिवारों ने मामले की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है। वही किला बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई अनिल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है मामले में छानबीन जारी है।