हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) परिसर के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर हॉकी हरियाणा की ओर से आयोजित 12वीं सब-जूनियर, 19वीं जूनियर और 37 वीं सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन सोमवार को सब-जूनियर वर्ग के सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। फतेहाबाद और हिसार की टीमों ने जीत सेमीफाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल सब जूनियर वर्ग में जींद ने रोहतक को 4-0 हराकर जीत दर्ज की। कुरुक्षेत्र के साथ खेला गया मुकाबला रोमांचक रहा। फतेहाबाद की टीम ने 6-5 (शूटआउट) से मुकाबला अपने नाम किया। हिसार की टीम ने भिवानी को 7-0 से पराजित किया। हिसार की विशाखा ने गोल की हैट्रिक लगाते हुए टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, जूनियर वर्ग में कुरुक्षेत्र ने जींद को 3-0 से हराया। हॉकी हिसार के महासचिव डॉ. आजाद मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ के समय मुख्य अतिथि गोसेवक और पशु प्रेमी अरुण कुमार पनिहार ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर मैच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हॉकी हिसार के प्रो. आजाद मलिक, दिलबाग मलिक, एसडीओ देवेंद्र सिंह, सुभाष चौहान, साई कोच राजेश, पवन मलिक, राम सिंह ओला और ओमवीर सिंह रेड्डू भी मौजूद रहे।