नवीन शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी करीब दो महीने से चल रहा चानौत गांव का पेयजल आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में सरकार और संघर्ष समिति के बीच सहमति बनने के बाद धरना खत्म करने का फैसला लिया गया। संघर्ष समिति का कहना है कि सरकार ने उनकी प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है। हांसी के रेस्ट हाउस में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में चानौत गांव की 11 सदस्यीय संघर्ष समिति के साथ बैठक हुई। बैठक में सहमति बनी कि सबसे पहले गांव के लिए भाखड़ा नहर से अलग पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही राजली हेड से हांसी के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन में 4 इंच का टी कनेक्शन भी दिया जाएगा। धरना समिति प्रमुख अनूप चानौत ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से बातचीत के दौरान आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मामलों को वापस लेने का भी आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि गांव की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान का भरोसा मिलने के बाद संघर्ष समिति ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया है। अनूप चानौत ने कहा कि करीब दो महीने से गांव के लोग पेयजल की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे और शुरू से ही हांसी की पाइपलाइन से टी कनेक्शन की मांग कर रहे थे। अब सरकार ने उनकी मांग स्वीकार कर ली है, जिसके बाद आज ही धरना समाप्त करने का फैसला लिया गया। समिति ने बताया कि गांव के लोगों से चर्चा के बाद धरना औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया जाएगा।