संवाद न्यूज एजेंसी हांसी में भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने चानौत गांव को शहरी पाइपलाइन से टी के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उपायुक्त के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान यूनियन के नेताओं विकास सीसर और धर्मपाल बाडाला ने कहा कि उनकी केवल एक ही मांग है कि चानौत गांव को शहरी पाइपलाइन से टी के माध्यम से पानी दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भाजपा सरकार के दौरान पाइपलाइन पर टी लगाई गई थी, लेकिन बाद में हांसी के विधायक विनोद भयाना के कहने पर उसे हटवा दिया गया। किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो किसान आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर सरकार के खिलाफ कड़ा संघर्ष किया जाएगा। किसान नेताओं ने बताया कि आज सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। साथ ही घोषणा की कि 6 जुलाई को चानौत गांव में एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आंदोलन की आगामी रणनीति और बड़े फैसले लिए जाएंगे।