प्रदेश की कानून व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चाैटाला ने पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के एक साथ 2000 अपराधियों को पकड़ने के दावे पर सवाल उठाए हैं। जेल में पहले से बंद अपराधियों की अलग-अलग मुकदमों में दिखाकर गिरफ्तारी के आंकड़े बढ़ाए जा रहे हैं। उकलाना के गांव पाबड़ा में मीडिया से बातचीत में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि “क्या ये अपराधी पहले सरकार के संरक्षण में बाहर घूम रहे थे? प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल है। कानून-व्यवस्था में सुधार कर अपराधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाने के बजाय केवल संख्या बढ़ाने की नीति अपनाई जा रही है। प्रदेश में रोजाना हत्या, डकैती, लूट की वारदात हो रही हैं। नशा तस्करों पर पुलिस का अंकुश नहीं है। रिटायर्ड आईपीएस आरएस यादव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में दुष्यंत चाैटाला ने कहा कि “वो एक दौर था। उस समय किसने क्या किया और क्या नहीं किया, यह सब इतिहास का हिस्सा है। हम उस समय बहुत छोटे थे, लेकिन हमें आज भी याद है जब हमारे सिरसा स्थित घर पर 200–250 पुलिसकर्मी पहुंचे थे। यहां तक कि मेरे ड्राइवर को उठाकर ले गए, उस पर धारा 407 लगाई गई, उसे उल्टा लटकाकर पीटा गया और पूरे सिरसा में घुमाया गया था। खैर यह सब अतीत की घटनाएं हैं। रोहतक एमडीयू को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए विश्वविद्यालय प्रांगण को राजनीतिक अखाड़ा बना दिया है। जिसके चलते एमडीयू की गिरती रैंकिंग को छिपाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन नैक से मान्यता लेने की हिम्मत नहीं जुटा पाया ,इसकी प्रक्रिया को पूरा नहीं किया। इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) जल्द ही रोहतक पुलिस में एमडीयू प्रशासन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाएगी।