हांसी में पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होने जा रहा है। 15 अगस्त को होने वाले समारोह को लेकर हांसी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह स्थल के साथ-साथ शहर के प्रमुख स्थानों और बाजारों में भी पुलिस की तैनाती बढ़ाई जा रही है। हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को शहर में सात स्थायी नाके लगाए गए हैं, जबकि जरूरत के अनुसार अस्थायी नाके भी लगाए जा रहे हैं। इन नाकों पर वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए शहर के बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध लोगों व गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। एसपी विनोद कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और आगामी त्योहारी सीजन को लेकर पुलिस की तैयारियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ हांसी पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन लगातार जारी है। अभियान के तहत अपराधियों और नशा तस्करों की अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस और त्योहारी सीजन के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार गश्त करेंगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।