हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की कर्मचारियों की मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल के 11वें दिन शनिवार को हिसार पहुंचे यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह ने कहा अपने साथियों को न्याय दिलाने तक हड़ताल पर रहेंगे। जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस आदेश जारी नहीं करती, तब तक यह आंदोलन किसी भी कीमत पर समाप्त नहीं किया जाएगा, चाहे हड़ताल कितनी ही लंबी क्यों न चलानी पड़े। राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कि 16 फरवरी को फरीदाबाद के गांव मुजेसर स्थित एक स्टील कंपनी में लगी भीषण आग को बुझाते हुए दमकल कर्मचारी भवीचंद शर्मा व रणवीर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी। इन दोनों वीर कर्मचारियों के बलिदान को न्याय दिलाने तथा विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन 8 अप्रैल से प्रदेशभर में राज्य स्तरीय हड़ताल पर है।