ज़िला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को परिजात चौक पर “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान चलाया। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध मार्च निकाला। उपस्थित लोगों ने भाजपा सरकार की वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर कर लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पूर्व सासंद बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता के लिए लोकतंत्र बचाने की दिशा में एक मज़बूत शुरुआत है। इस लड़ाई को गांव-गांव और गली-मोहल्ले तक पहुंचाएंगे । हिसार की धरती से हम एलान करते हैं – ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ – यह सिर्फ़ नारा नहीं बल्कि जनता का गूंजता हुआ जनादेश है। अभियान के दौरान हजारों नागरिकों ने हस्ताक्षर कर भाजपा की धांधली और वोट चोरी की साज़िशों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज किया। “वोट चोर गद्दी छोड़”, “लोकतंत्र बचाओ, भाजपा हटाओ” के नारे लगाए। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में बने रहने के लिए लोकतंत्र की हत्या की है। मतदाता सूचियों में धांधली कर वोट चोरी की साज़िशें रची जा रही हैं। जनता का जनादेश छीनकर कुर्सी पर काबिज रहना लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है। कांग्रेस इस ‘वोट चोरी’ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता की आवाज़ और वोट की ताक़त को कुचलने का हर प्रयास कांग्रेस कार्यकर्ता जमीनी संघर्ष के ज़रिए नाकाम करेंगे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक रामनिवास घोडेला, पूर्व टैक्स ट्रिब्यूनल सदस्य हरपाल सिंह बूरा, माटीकला बोर्ड के पूर्व चेयरमैन भूपेन्द्र सिंह गंगवा ,पीसीसी सदस्य दिलबाग सिंह ढांडा,नलवा हल्का प्रत्याशी अनिल मान, धर्मवीर गोयत, पूर्व ओबीसी चेयरमैन तेलु राम जांगड़ा,प्रदेश महिला महासचिव डॉ साक्षी मलिक, महिला ज़िला अध्यक्ष ग्रामीण संतोष जून, एससी ज़िला अध्यक्ष शहरी सोनू लंकेश , ओबीसी ज़िला अध्यक्ष अजीत यादव, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष विजेंद्र कपूर आदि उपस्थित रहे।