दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल और छात्र साहिल लाछोब के घायल होने के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने हांसी सिटी थाने में में भी विरोध प्रदर्शन किया। हांसी के सिटी थाना परिसर में कांग्रेस के तमाम नेता धरने पर बैठ गए। आपको बता दे कि कांग्रेस से नारनौद विधायक जस्सी पेटवाड़ भी कांग्रेस नेताओं के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठे। कांग्रेस नेताओं ने पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। नारनौद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि पैलेट गन मामले को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे हैं। राहुल गांधी छात्र साहिल लाछोब और उसके परिवार के साथ शिकायत देने पहुंचे, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं होने पर थाने में ही धरने पर बैठ गए। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि पूरे मामले को उजागर करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राहुल गांधी थाने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक कांग्रेस नेता भी हांसी के सिटी थाने में धरने पर बैठे रहेंगे।