गांव धारसूल के पास स्थित हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन के गोदाम से आ रहीं सुरसरी से ग्रामीण पिछले एक माह से काफ़ी परेशान हैं, लेकिन संबंधित अधिकारी ग्रामीणों की इस समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे। इससे परेशान गांववासियों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा। इस समस्या से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव धारसूल के पास कुलां जाखल मार्ग पर जाम लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर अपनी भड़ास निकाली। इस धरना प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कुलां पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक संबंधित अधिकारी उनके बीच आकर बातचीत नहीं करते तब तक वह अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। इससे मामला गर्माता देख धारसूल वेयरहाउस कॉरपोरेशन के प्रबंधक प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन कर रहें लोगों को एक सप्ताह में इस समस्या का स्थाई निराकरण करने का विश्वास दिलाया।