फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फतेहाबाद के टोहाना डिस्ट्रीब्यूट्री पर अवैध पेड़ कटान से हड़कंप, भाजपा नेता नप चेयरमैन के बेटे समेत दो पर केस की तैयारी

Naveen Updated Tue, 26 May 2026 05:58 PM IST

मनियाना रोड स्थित टोहाना डिस्ट्रीब्यूट्री पर वन विभाग की जमीन से 18 पेड़ों की अवैध कटाई का मामला गरमा गया है। शिकायतकर्ता नवजोत ढिल्लों की पीसीसीएफ पंचकूला को भेजी शिकायत के बाद डीएफओ राजेश कुमार ने टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि पेड़ बिना किसी अनुमति के काटे गए। मौके से लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर डायल-112 बुलाकर पुलिस को सौंप दी गई। डीएफओ ने बताया कि यह जमीन वन विभाग व नहर महकमे की है और कटे पेड़ भी वन विभाग के हैं। डीएफओ राजेश कुमार के अनुसार कटान में आरा संचालक के बेटे प्रिंस की लेबर और भाजपा नेता नगर परिषद अध्यक्ष नरेश बंसल के बेटे दीपक बंसल की संलिप्तता पाई गई है। उन्होंने कहा कि लेबर, ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक, आरा संचालक समेत अवैध काम में शामिल सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। विभाग भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 32, 33 के तहत लकड़ी चोरी व अवैध कटान का केस दर्ज करेगा। ट्रैक्टर को धारा 52 के तहत सीज कर दिया गया है। साथ ही वन दरोगा सुरेंद्र सिंह से हाथापाई की कोशिश पर सरकारी काम में बाधा व सरकारी संपत्ति चोरी का केस भी पुलिस में दिया जा रहा है। डीएफओ ने स्पष्ट किया कि विभाग में कटाई की कोई एप्लीकेशन पेंडिंग नहीं थी। आरोपियों के पास इलेक्ट्रिक आरी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक्सपर्ट लेबर थी, जिससे दो-तीन घंटे में ही 18 पेड़ गिरा दिए गए। विभाग अब कोर्ट में केस दायर कर दोषियों को सजा दिलाएगा। वहीं नप चेयरमैन नरेश बंसल के बेटे दीपक ने विभाग के सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। पत्रकारों ने जब विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाया तो डीएफओ ने टीम का बचाव करते हुए कहा कि स्टाफ लगातार गश्त करता है और पेड़ इलेक्ट्रिक आरी से दो-तीन घंटे में काटे गए। हालांकि, समाजसेवी नवजोत ढिल्लों की टीम को विभाग को सूचना देनी पड़ी, जिससे गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल वन दरोगा की ओर से थाने में शिकायत दी जा रही है। शिकायतकर्ता नवजोत ढिल्लों ने पीसीसीएफ से दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों व आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें