सीआईए रतिया टीम ने एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के समीप 13 किलो 60 ग्राम अफीम के साथ महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों दिल्ली नंबर की कार पर प्रैस का स्टीकर लगाकर मध्यप्रदेश से अफीम लाए थे और हरियाणा व पंजाब में सप्लाई की जानी थी। दूसरे मामले में नशा तस्कर की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति को फ्रीज करवाया गया है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि सीआईए रतिया की टीम एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के पास टीम मौजूद थी। सूचना मिली कि ईश्वर लाल निवासी बरलाई, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) तथा सोना प्रजापति निवासी बैजलपुर, जिला रायसेन (मध्यप्रदेश) मध्यप्रदेश से अफीम लेकर हरियाणा एवं पंजाब में सप्लाई करने आ रहे हैं। टीम ने एनएच-9 स्थित धांगड़ पुल के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान होंडा सिटी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए लगाए प्रैस के स्टीकर एएसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान तथ्य भी सामने आया। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही कार के आगे और पीछे एक समाचार पत्र के नाम के स्टिकर लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपियों ने स्वयं को संदेह से दूर रखने तथा पुलिस जांच के दौरान आसानी से निकलने के उद्देश्य से समाचार पत्र के स्टिकरों का कथित रूप से दुरुपयोग किया। पहले भी पंजाब में दर्ज है मामले दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर फतेहाबाद में 30 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के विरुद्ध पूर्व में भी पंजाब के भटिंडा जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।