टोहाना। राज्यसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को हरियाणा से भाजपा सांसद सुभाष बराला ने फतेहाबाद जिले के टोहाना नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-148बी पर बाईपास निर्माण का मुद्दा उठाया। विशेष उल्लेख के तहत बोलते हुए उन्होंने सरकार से इस मार्ग पर तत्काल सर्वेक्षण कराकर बाईपास को मंजूरी देने और प्राथमिकता से निर्माण शुरू कराने की मांग की। सांसद बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में सड़क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। भारतमाला परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से संपर्क, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि एनएच-148बी हरियाणा और पंजाब के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। फतेहाबाद जिले में यह राजमार्ग सूर्यवाला चौक से होकर टोहाना नगर के बीच से गुजरता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी मालवाहक और अन्य वाहन नगर के मध्य से निकलते हैं, जिससे लगातार यातायात जाम, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका, ध्वनि और वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है। बराला ने कहा कि टोहाना एक प्रमुख कृषि और व्यापारिक केंद्र है। भविष्य में इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ेगा। ऐसे में एनएच-148बी पर टोहाना नगर को बाईपास करते हुए उपयुक्त बाईपास का शीघ्र सर्वे कराया जाए। इससे नगर को जाम से स्थायी राहत मिलेगी, सड़क सुरक्षा सुधरेगी और हरियाणा-पंजाब के बीच आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा। पीठासीन अधिकारी डॉ. सस्मित पात्रा की अध्यक्षता में हुई कार्यवाही के दौरान सांसद ने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।