पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को शहर में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने थाना शहर फतेहाबाद का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। एसपी जैन ने बस अड्डा पुलिस चौकी से लाल बत्ती चौक तक पैदल चलते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पुलिस की तैनाती का बारीकी से निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने आम नागरिकों से बातचीत की और समस्याएं सुनकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों का फीडबैक पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।