राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को टोहाना शहर के नए बस स्टैंड से बसों के औपचारिक संचालन का शुभारंभ किया। इस पहल से टोहाना की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है, जिससे यात्रियों को आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड के शुरू होने से यात्रियों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। यह बस स्टैंड आमजन की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, ताकि यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि नए बस स्टैंड में यात्रियों के लिए विश्राम गृह, स्वच्छ शौचालय, पेयजल व्यवस्था और बैठने की समुचित सुविधा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। परिवहन विभाग को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और बसों का संचालन समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से किया जाए। सांसद ने कहा कि पुराने बस स्टैंड का स्थान भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में होने के कारण यात्रियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को लगातार यातायात जाम और असुविधा का सामना करना पड़ता था। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शहर के नागरिकों की सुविधा के लिए बस स्टैंड से लोकल बस सेवा भी प्रारंभ की जाएगी, जिससे शहर के भीतर आवागमन और अधिक सरल एवं सुचारु हो सकेगा। उन्होंने परियोजना के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के टोहाना दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई थी। उसी दौरान नए बस स्टैंड की आवश्यकता पर सहमति बनी थी, लेकिन बाईपास की घोषणा के चलते स्थान निर्धारण में कुछ समय लगा। कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद ने बस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। यह उल्लेखनीय है कि बस स्टैंड का उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिसंबर 2025 में फतेहाबाद में सांसद खेल महोत्सव के दौरान किया था। हालांकि, उद्घाटन के बाद भी बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था, जिससे लोगों को असुविधा हो रही थी। राज्यसभा सांसद द्वारा अब बसों का संचालन शुरू किए जाने से लोगों को राहत मिली है। बूथ बूथ से पंजाब के पातडा, लुधियाना, पटियाला, चंडीगढ़, अमृतसर, जम्मू कश्मीर व जालंधर, बूथ एक ए से टोहाना से जाखल वाया दमकोरा रहनवाली, बूथ नम्बर दो से कुला, रतिया, सिरसा, फतेहाबाद, गंगानगर व बीकानेर बूथ नम्बर तीन से नरवाना, जींद, दिल्ली, गुड़गांव, करनाल, अंबाला, चंडीगढ़ व हरिद्वार, बूथ नम्बर 4 से धमतान साहिब, पुंडरी, धनोरी, करनाल व कैथल, बूथ नम्बर 5 से उकलाना, दिल्ली, बरवाला, गुरुग्राम व हिसार, बूथ नम्बर 6 से चंदड़, भुना, बुआन, फतेहाबाद, बूथ 6 ए से पीरथला पारता, सनियाना के लिए बसें रवाना होगी। विभाग द्वारा शहर के प्रावधान किया गया तथा पूछताछ के लिए 01692220036 नंबर भी जारी किया गयाहै।