शहर में अब नो पार्किंग में वाहन खड़े हुए तो यातायात पुलिस क्रेन की मदद से टोचन करके थाने में ले जाएगी। गाड़ी छुड़वाने के लिए चालक को जुर्माना अदा करना होगा। शहर में बढ़ती अतिक्रमण और अव्यव्यस्थित पार्किंग को लेकर यातायात पुलिस ने वीरवार से नई व्यवस्था शुरू की है। यातायात थाना प्रभारी जयसिंह के नेतृत्व में वीरवार को शहर के मोबाइल मार्केट, पालिका बाजार, थाना रोड और जवाहर चौक में नो पार्किंग के बोर्ड लगाए गए है। थाना यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक जय सिंह ने बताया कि मेन मार्केट में कई स्थानों पर बिना निर्धारित पार्किंग के वाहन खड़े किए जाने से आमजन, दुकानदारों तथा राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। आपातकालीन वाहनों जैसे एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड को भी मार्ग मिलने में कठिनाई होती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से नो पार्किंग बोर्ड लगाए गए हैं तथा नियमित गश्त कर निगरानी की जा रही है। -