फतेहाबाद। लघु सचिवालय के बाहर किसानों का धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने ऐलान किया है कि इस बार वे दिवाली लघु सचिवालय के बाहर ही मनाएंगे। दिन-रात चल रहे धरने के दौरान किसानों ने खाने-पीने के लिए मौके पर ही चूल्हा जला लिया है। किसानों ने चेतावनी दी कि दीपावली के बाद वे सरकार को जगाने के लिए चंडीगढ़ कूच करेंगे। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन की अगुवाई में चल रहे इस आंदोलन में सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया भी किसानों के बीच पहुंचे और उनका समर्थन किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान ने कहा कि सिंचाई विभाग की ओर से जारी नए शेड्यूल के अनुसार किसानों को एक सप्ताह नहरी पानी मिलेगा, जबकि तीन सप्ताह नहरबंदी रहेगी। इससे पहले दो सप्ताह पानी की सप्लाई और दो सप्ताह नहरबंदी का शेड्यूल था। उन्होंने कहा कि इस समय किसानों को गेहूं की बिजाई करनी है, लेकिन नहरी पानी की कटौती के कारण सिंचाई को लेकर परेशानी खड़ी हो गई है। ऐसे में किसानों की मांग है कि पहले की तरह दो सप्ताह पानी और दो सप्ताह नहरबंदी का शेड्यूल लागू किया जाए, ताकि बिजाई के समय खेतों को पर्याप्त पानी मिल सके। मनदीप नथवान ने कहा कि ओलावृष्टि के कारण भी किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने के लिए सरकार बड़ी घोषणा करे। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की मांगों पर सुनवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा। इस बार किसान दिवाली भी लघु सचिवालय के बाहर ही मनाएंगे। इसके बाद चंडीगढ़ कूच कर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।