अशोक नगर मोहल्ले में ब्रह्मकुमारी आश्रम रोड की जर्जर हालत और अवरुद्ध सीवरेज लाइन की समस्या को लेकर नगर पार्षद सुभाष ने कड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। उन्होंने घोषणा की है कि वह सोमवार (26 मई 2025) से आमरण अनशन शुरू करेंगे। पार्षद सुभाष ने बताया कि पिछले एक साल से यह सड़क बदहाल है और जुलाई 2024 से सीवरेज लाइन पूरी तरह बंद है, जिसके कारण सड़क पर गंदा पानी जमा हो रहा है और बदबू फैल रही है। पार्षद ने कहा कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग में 20 से अधिक ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की हैं और कई बार विभाग के दफ्तर जाकर अधिकारियों से अपील भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ब्रह्मकुमारी आश्रम रोड, जो माजरा रोड और अशोक नगर मोहल्ले से होकर नेशनल हाईवे तक जाती है, पर जमा गंदा पानी न केवल बदबू का कारण बन रहा है, बल्कि वाहन चालकों के लिए भी खतरा बना हुआ है। कई लोग सड़क पर फिसलकर चोटिल हो चुके हैं।