सिख धर्म के प्रथम पातशाही गुरु नानक देव महाराज के प्रकाश दिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को फतेहाबाद शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। पांच प्यारों की अगुवाई में जगजीवनपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा से शुरू हुआ नगर कीर्तन बीघड़ चौक, राष्ट्रीय राजमार्ग, लालबत्ती चौक, पुराना बस स्टैंड, हंस मार्केट, फव्वारा चौक, थाना रोड, जवाहर चौक, डीएसपी रोड, पुराना बस स्टैंड, ऑटो मार्केट, भूना रोड से होते हुए वापस जगजीवनपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में पहुंचा। नगर कीर्तन के स्वागत के लिए जगह जगह तोरण द्वार लगाए गए तथा श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत कर प्रसाद वितरित किया गया। यूथ खालसा सोसायटी के सदस्यों द्वारा गतका की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी गई। गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी प्रधान हरचरण सिंह, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य और गुरुद्वारा कमेटी के महासचिव महेंद्र सिंह वधवा, महेंद्र सिंह ग्रोवर, हरमिंद्र मिंकू, मंगासिंह, गुलशन मोंगा, जसपाल सिंह काकू, हरपाल सिंह, विकास बतरा, अंकित नारंग आदि ने नगर कीर्तन के दौरान सेवाएं दी। गुरुद्वारा सिंह सभा के महासचिव महेंद्र सिंह वधवा ने बताया कि प्रकाश दिवस के उपलक्ष्य में कल शुक्रवार को गुरुद्वारा सिंह सभा में गुरुमत समागम होगा। इस दौरान रागी जत्थे व कविसरी गुरमत विचार साझा करेंगे तथा गुरुओं की बाणी से संगत को निहाल करेंगे।