फतेहाबाद से चंडीगढ़ जाने वाली रोडवेज बस के निर्धारित स्टॉप पर न रुकने से नाराज विद्यार्थियों ने रतिया में बस का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। घटना गुरुवार सुबह करीब 8:18 बजे की है, जब अहरवां गांव स्थित एक निजी कॉलेज के सामने मौजूद बस स्टॉप पर बस नहीं रोकी गई। बस में सवार विद्यार्थियों ने संजय गांधी चौक, रतिया पहुंचने पर बस को रोककर जाम लगा दिया और परिवहन विभाग, चालक एवं परिचालक के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बस अड्डा इंचार्ज पवन कुमार मौके पर पहुंचे। अड्डा इंचार्ज पवन कुमार ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद विद्यार्थी शांत हुए, जिसके बाद पुलिस और अड्डा इंचार्ज ने बस को चंडीगढ़ के लिए रवाना किया।