शहर के वार्ड 22 से पूर्व में पार्षद रहे रमेश गर्ग की दूसरी पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में अनाज मंडी स्थित बाला जी मंदिर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य रूप से नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. कुणाल वर्मा व डॉ. शिव सचदेवा, मुख्य रूप से पहुंचे जबकि डॉ. अजय गर्ग व सुरेश सिंगला विशेष रूप से पहुंचे। इस दौरान प्रेम गर्ग, संकेत गर्ग, मंजुल गर्ग द्वारा सभी का स्वागत किया गया। शिविर में मानव सेवा संगम चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान डॉ कुणाल वर्मा, डॉ सचदेवा ने दीप प्रज्वलित कर पूर्व पार्षद को नमन किया और रक्तदान शिविर की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन करना बहुत बड़ी उपलब्धि है, ऐसे सामाजिक कार्य होते रहने चाहिएं। उन्होंने कहा कि यह रक्त थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को दिया जाएगा क्योंकि ऐसे बच्चों को हर महीने रक्त चढ़ाना पड़ता है।