नगर परिषद के चेयरमैन नरेश बंसल की दुकान में चेयरमैन नरेश बंसल की अध्यक्षता में पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सभी ने एकजुट होकर नगर परिषद की कार्रवाई की निंदा करते हुए व्यापारियों के टोहाना बंद को समर्थन देने का एलान किया है। प्रधान नरेश बंसल ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों ने जो यह कार्रवाई की है उसकी वे निंदा करते है। उन्होंने कहा वे तथा शहर के सभी पार्षद व्यापारियों के साथ है, जिसके लिए वे टोहाना बंद को समर्थन करते है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों और व्यापारियों की बैठक करवाई गई थी जिसमें उक्त कार्यवाही को दिवाली तक रोकने की बात कही थी लेकिन अधिकारियों ने शनिवार सुबह उक्त कार्यवाही को अंजाम दे दिया है जिससे अनेक व्यापारियों को नुकसान भी हुआ है। चेयरमैन ने कहा कि वे अधिकारियों की इस कार्यवाही के खिलाफ है, वे इस तरह की घटना की निंदा करते हैं। पार्षद रामकुमार सैनी, जोनी मेहता, संजय सपड़ा, सुरेश सेठी, रोशन सहित सभी उपस्थित पार्षदों ने कहा कि अधिकारियों ने अपनी मनमानी करते हुए दुकानदारों का नुकसान किया है जिससे दुकानदारों को आर्थिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा है।