कादमा गांव में आईटीआई और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर जलभराव है। कादमा-झोझू मुख्यमार्ग पर घुटनों तक पानी भरा रहने से ग्रामीण परेशान हैं और हादसों का अंदेशा भी बना हुआ है। सबसे अधिक दिक्कत इस मार्ग से गुजरने वाले आईटीआई प्रशिक्षुकों और स्कूली विद्यार्थियों को आ रही है। वहीं, स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जलभराव के चलते दुकानों में ग्राहक आने बंद हो गए हैं। करीब 200 मीटर की दूरी में मुख्य सड़क पर पानी भरा है और 60 से अधिक दुकानदारों को इसके चलते मंदी से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अगर एक बारिश और हो जाती है तो फिर सड़क का पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच जाएगा और इसके बाद हालात बदत्तर हो जाएंगे।