दादरी शहर के वार्ड 19 की विभिन्न कॉलोनियों में अव्यवस्थित बिजली पोल और झूलती हुई 220 वोल्ट की केबलें स्थानीय निवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुकी हैं। आलम यह है कि लोग पिछले लंबे समय से समाधान के लिए बिजली निगम के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ हाथ नहीं लगा। वार्ड में चर्च के पास गली के बीच में पोल खड़ा है। वहीं एमसी कॉलोनी में एक पोल खतरनाक स्तर तक झुक चुका है। पूर्ण कॉलोनी का हाल तो और भी बुरा है, जहां 220 वोल्ट की हाई-वोल्टेज केबलें जर्जर बांस की बल्लियों के सहारे टिकी हुई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, निगम कर्मियों की लापरवाही के चलते केबलें खाली प्लॉटों के बीच से और जमीन से महज कुछ फीट की ऊंचाई पर गुजर रही हैं, जिससे आए दिन शॉर्ट-सर्किट की घटनाएं होती रहती हैं।