चरखी दादरी जिले में रविवार सुबह कोहरा छाने से तीन ट्रेनें अधिक लेट रही जबकि बसें भी अपनी दैनिक रफ्तार के मुकाबले कम गति से दौड़ी। वहीं, अन्य वाहन चालकों ने भी गति धीमी रखी और लाइट जलाकर सफर पूरा किया। रविवार सुबह कोहरे की सघनता कम थी, लेकिन सुबह समय के साथ कोहरा भी बढ़ता चला गया। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। रोडवेज बसों में कोहरा अधिक असर देखने को नहीं मिला और बसें केवल 5 से 7 मिनट की देरी से ही अपने गंतव्य तक पहुंची। लंबे रूट की बसों में केवल तीन बसें ही 15 मिनट लेट पहुंची। डिपो की ओर से उनका समय पर संचालन किया गया। लेकिन कोहरे की वजह से वे 10 से 15 मिनट देरी पहुंचना स्वाभाविक है। यात्रियों को भी अधिक देर तक बसों का इंतजार नहीं करना पड़ा और इनमें भी कोहरे से संबंधित इंतजाम किए गए। वहीं, अगर रेलवे परिवहन की बात करें तो रविवार को तीन ट्रेनें आधा से पौना घंटा देरी से पहुंची। इनमें सबसे अधिक देरी से सिरसा-तिलकब्रिज रेलगाड़ी 42 मिनट की देरी से दादरी स्टेशन पहुंची। इसका सामान्य समय सुबह 5:52 बजे है जबकि यह रविवार को 6:34 मिनट पर दादरी स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों ने गाड़ी का इंतजार किया। अन्य ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से स्टेशन पर पहुंची।